अवैध पिस्टल बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश, भारी मात्रा में उपकरण बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मेरठ पुलिस ने ब्रहमपुरी क्षेत्र में अवैध पिस्टल बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में उपकरण बरामद किये हैं। सीओ ब्रह्मपुरी के निर्देशन में स्वाट टीम प्रथम व थाना ब्रह्मपुरी पुलिस द्वारा अपराध पर अंकुश लगाने हेतु व अभियान के क्रम में नावेद पुत्र इरशाद व मौहम्मद जुबैर पुत्र मंजूर अहमद को अवैध असलहा बनाने के उपकरण के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त नावेद द्वारा बताया गया कि पिस्टल बनाने का सामान परवेज उर्फ फर्राे पुत्र खलील अहमद निवासी मौहल्ला वायसराय बहलीम थाना कोतवाली जनपद मेरठ तथा शादाब पुत्र हाजी जुल्फेकार निवासी डी-ब्लाक खुशहाल नगर लिसाड़ी गेट जनपद मेरठ लाकर देते है । हम दोनों मिलकर पिस्टल यहीं पर बनाते है और फिर परवेज उर्फ फर्राे तथा शादाब यहाँ से हम लोगो से तैयार पिस्टल ले जाते है और बाहर लोगों को बेचते है जिससे हम चारों मिलकर पैसा कमाते है और पैसों को हम चारों आपस में बाँट लेते हैं। अब तक हम लोग काफी पिस्टलें बेच चुके है हम दोनों मिलकर एक दिन में 01 पिस्टल तैयार कर देते हैं और हम लोग पिछले 20-25 दिन से यहीं पर पिस्टल बनाने का काम कर रहे हैं। दो अभियुक्त फरार बताए जा रहे हैं। परवेज उर्फ फर्राे पुत्र खलील अहमद निवासी मौहल्ला वायसराय बहलीम थाना कोतवाली जनपद मेरठ एवं शादाब पुत्र हाजी जुल्फेकार निवासी डी-ब्लाक खुशहाल नगर लिसाड़ी गेट जनपद मेरठ अभी फरार हैं। पुलिस ने मौके से 01 पिस्टल 32 बोर, 02 पिस्टल (अधबने), 06 नाल लोहे की, मिलिंग मशीन, ग्राईण्डर मशीन इलेक्ट्रिक, ड्रिल मशीन इलेक्ट्रिक मय ड्रिल बिट बाक्स, रेती (छोटी-बड़ी), प्लास, पेंचकस, छोटे बड़े रिंच पाना, 14 मैग्जीन स्प्रिंग, 46 लॉक, 01 डिब्बी मे 50 लोहे की पिन, 20 इजेक्टर, 10 सुम्मी, 50 मैग्जीन के प्लास्टिक पैंदे, 01 रेगमाल का छोटा गुल्ला, 12 मैग्जीन बाटम आदि बरामद किये हैं।



