कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश
यात्रा के सकुशल संचालन को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, अधिकारियों को चेताया – लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा-2025 की व्यापक तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत, नगर निगम, एनएचएआई, पुलिस, स्वास्थ्य, आरआरटीएस सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को यात्रा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना सभी की प्राथमिकता है, और किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माने जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था पर असर डालने वाली कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाह अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई तय है।
बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त, साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाया जाए। विद्युत विभाग को विशेष रूप से कहा गया कि पूरे मार्ग पर विद्युत आपूर्ति निर्बाध होनी चाहिए, तारों की ऊंचाई मानक के अनुसार हो और किसी भी स्थान पर ढीले तार न हों। सभी क्रॉसिंग पॉइंट्स पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, जलनिकासी, मोबाइल टॉयलेट, एम्बुलेंस, और स्वास्थ्य शिविरों की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सिंचाई विभाग को नहरों व रजवाहों की सफाई, सड़क मरम्मत, मोटर बोट व गोताखोर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सीओ को अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण करने और शिविर संचालकों के साथ समन्वय बैठकें करने को कहा। खाद्य सुरक्षा विभाग को शिविरों व दुकानों पर खाद्य गुणवत्ता और रेट लिस्ट सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि पुलिस विभाग को शिविर और दुकानदारों का 100% सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को हर कांवड़ मार्ग पर एम्बुलेंस, मोटरसाइकिल एम्बुलेंस, डॉक्टरों की शिफ्टवार तैनाती, और निजी अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने की व्यवस्था करने को कहा गया।
धार्मिक स्थलों व मंदिरों की व्यवस्थाओं का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश, सीसीटीवी, और साइनबोर्ड लगाने जैसी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश भी जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने दोहराया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सभी अधिकारी मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, एडीएम नगर बृजेश सिंह, एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, एडीएम भूमि राजपाल सिंह, एमडीए सचिव आनंद प्रकाश सिंह, एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा, सभी एसडीएम, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


