ललितपुर

भाई की शादी में शामिल होने आ रहे दो दोस्तों की नहर में डूबकर मौत

राजघाट बांध की नहर में नहाते समय हुआ हादसा, तेज बहाव में बहे दोनों युवक

गुना से छह दोस्त आ रहे थे ललितपुर, पुलिस ने पानी का बहाव रुकवाकर निकलवाए शव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में बड़े भाई की शादी में शामिल होने ललितपुर आ रहे दो युवकों की रास्ते में नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक अपने चार अन्य दोस्तों के साथ कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा के पास स्थित राजघाट बांध की नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक पानी का तेज बहाव आने से दोनों गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बांध से पानी का बहाव बंद कराया और दोनों को बाहर निकलवाकर जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मध्य प्रदेश के गुना जिले के निवासी छह दोस्त ललितपुर आ रहे थे। इनमें 19 वर्षीय नीरज पुत्र सिरनाम, 17 वर्षीय हनी पुत्र बलराम, 19 वर्षीय विकास वैरागी, 17 वर्षीय पवन कुशवाहा, 16 वर्षीय गौरव केवट और 22 वर्षीय शिवम सेन शामिल थे। नीरज के बड़े भाई प्रशांत का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह होना था। इसी समारोह में शामिल होने के लिए सभी दोस्त एक साथ ललितपुर आ रहे थे। बताया गया है कि रास्ते में कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा के पास राजघाट बांध की नहर देखकर सभी दोस्त नहाने के लिए रुक गए। वे नहर में नहा रहे थे, तभी अचानक पानी का तेज बहाव आ गया। इसकी चपेट में आकर नीरज और हनी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख साथियों में चीख-पुकार मच गई। दोस्तों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव के लिए बांध से नहर में पानी का बहाव बंद कराया। इसके बाद दोनों युवकों को नहर से बाहर निकलवाया गया। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और साथ आए दोस्तों में कोहराम मच गया। जिस घर में बड़े भाई की शादी की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां दो युवकों की मौत की खबर से मातम छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button