ललितपुर
पुलिस की प्रताडऩा से मजबूर पिता की आत्महत्या एक त्रासदी : कांग्रेस
कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर गयी राठौर आत्महत्या की घटना

पूर्व केन्द्रीय मंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल पीडि़त परिवार से मिला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। रबर मोहर बनाने वाले व्यापारी लक्ष्मीनारायण राठौर की आत्महत्या और उसके पुत्र शिवम राठौर को बजाज फाइनेंस कम्पनी में धोखाधड़ी के मामले में जेल भेजा गया है। इस मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर एक प्रतिनिधि मण्डल ललितपुर पहुंचा, जहां उन्होंने पीडि़त परिवार से मुलाकात की। कांग्रेस के प्रतिनिधि मण्डल ने पीडि़त परिवार की आपबीती भी सुनी और इसके बाद जिलाधिकारी अमनदीप डुली से भी वार्ता की।
इस गंभीर मामले की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करने हेतु उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय राय की अनुशंसा पर कांग्रेसजनों का एक प्रतिनिधि मंडल मृतक के परिवार से मिला, उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही स्थानीय प्रशासन से तत्काल दोषियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेसियों ने कहा कि ललितपुर की यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। आरोप है कि पुलिस की प्रताडऩा से मजबूर पिता की आत्महत्या सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की विफलता है। कांग्रेस पार्टी पीडि़त परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री भारत सरकार प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व विधायक बृजेन्द्र व्यास, निवर्तमान महासचिव राहुल रिछारिया, को-ऑर्डीनेटर मुकुट सिंह, एआईसीसी सदस्य मनीराम कुशवाहा, ललितपुर जिलाध्यक्ष डा.दयाराम रजक, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश रजक, पूर्व जिलाध्यक्ष झांसी योगेन्द्र सिंह पारीछा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेहा तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन सिंह चंदेल, महासचिव इमरान खां, संगठन प्रभारी ललितपुर रामनरेश दुबे, पूर्व प्रदेश सचिव जयपाल सिंह, मकरंद किलेदार विक्की, शैलेष सिंह तालबेहट के अलावा शशि राजा बुन्देला शामिल रहे।



