गोड्डा
दियाजोरी पंचायत में डीसीएलआर के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
आंगनबाड़ी केंद्र निजी आवास में संचालित, मिली कई अनियमितताएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा प्रखंड अंतर्गत दियाजोरी पंचायत में शनिवार को डीसीएलआर रितेश जायसवाल ने औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी।उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा और पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना प्रवेज मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर ने आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, विद्यालय और सिंचाई कूप का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि एक आंगनबाड़ी केंद्र संचालिका अपने निजी आवास में ही केंद्र चला रही है। बच्चों की उपस्थिति कम पाई गई, जबकि पोषण आहार वितरण और रजिस्टर संधारण में लापरवाही देखी गई।परिसर की साफ-सफाई को लेकर भी उन्होंने असंतोष जताया।डीसीएलआर रितेश जायसवाल ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पारदर्शिता के साथ पहुँचना चाहिए।किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने पंचायत क्षेत्र में दो सिंचाई कूपों का निरीक्षण कर पेयजल की गुणवत्ता और रखरखाव की जांच की।निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निरीक्षणों से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता आएगी।वहीं, बीडीओ सोनाराम हांसदा ने बताया कि अंचलाधिकारी डॉ. खगेन महतो द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए प्रपोजल भेजा गया है। डीसीएलआर ने विद्यालय में छात्राओं की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।निरीक्षण के दौरान सिंचाई कूप संतोषजनक पाया गया।




