अमरोहा
ट्रैक्टर से कुचलकर बच्ची की मौत
रामलीला मैदान में खेल रही थी 5 साल की मासूम, पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की सदर तहसील के डिडौली थाना क्षेत्र में एक पांच साल की बच्ची की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। बच्ची रामलीला मैदान में खेल रही थी, तभी यह हादसा हुआ। घटना शनिवार रात की है। मृतक बच्ची की पहचान गांव पतेई खालसा निवासी जब्बार की बेटी आयशा नूर के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव नन्हेड़ा राजपूत निवासी राजू ने ट्रैक्टर का पहिया बच्ची के ऊपर चढ़ा दिया। हादसा होते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बच्ची के परिजन डिडौली थाने पहुंचे और आरोपी ट्रैक्टर चालक राजू के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पर किया केस
पुलिस ने ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया है। डिडौली इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।




