जालौन
स्मार्ट मीटर के विरोध में तीन घंटे जाम, सभासद के नेतृत्व में आंदोलन
आंदोलनकारी बोले स्मार्ट मीटरों से बिलों में हो रही बेहतासा वृद्धि

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ में स्मार्ट मीटर के विरोध ने बड़ा रूप ले लिया,जब सैकड़ों लोगों ने चितौरा रोड स्थित बस स्टैंड चैराहे पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए करीब तीन घंटे तक चक्का जाम कर दिया। सभासद अरविंद सिंह सेंगर उर्फ ध्रुव के नेतृत्व में हुए इस विरोध-प्रदर्शन ने बंगरा रामपुरा मार्ग की यातायत व्यवस्था ठप हो गयी। और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिलों में अचानक और भारी बढ़ोतरी हो गई है। लोगों का कहना है कि यह योजना सुविधा के नाम पर आम जनता की जेब पर बोझ डाल रही है। गुस्साए लोगों ने “स्मार्ट मीटर नहीं, जनता पर बोझ” और “बिजली विभाग होश में आओ” जैसे नारे लगाते हुए बिजली विभाग के खिलाफ जमकर विरोध जताया। स्थिति उस समय और गरमा गई जब मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर का प्रदर्शनकारियों ने घेराव कर लिया और उनसे जवाब-तलब किया। लोगों का कहना था कि उन्होंने पहले भी कई बार अपनी शिकायतें विभाग तक पहुंचाईं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया और जाम को खुलवाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक स्मार्ट मीटर की समस्या का ठोस समाधान नहीं होता और बढ़े हुए बिलों की जांच नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। माधौगढ़ नगर में यह पहली बार नहीं है जब स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध हुआ हो, लेकिन इस बार का प्रदर्शन अधिक उग्र और व्यापक रहा। अब सभी की नजरें प्रशासन और बिजली विभाग पर टिकी हैं कि वे इस मामले में क्या ठोस कदम उठाते हैं और जनता को राहत दिलाने के लिए क्या निर्णय लेते हैं। तहसीलदार गौरव सिंह ने कहा कि एसडीओ से लिखित जबाव तलब किया जाएगा।



