शरारती छात्र ने साथियों संग किया जानलेवा हमला, मामला पहुंचा पुलिस तक
Naughty student along with his friends made a deadly attack, the matter reached the police
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। शिक्षा मंदिर में अनुशासन सिखाना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। शुक्रवार को नावागढ़ स्थित द्वारिका प्रसाद लाला मेमोरियल आदर्श प्लस 2 उच्च विद्यालय में संस्कृत शिक्षक मयंक कुमार पर छात्र और उसके साथियों ने जानलेवा हमला कर दिया। शिक्षक ने छात्र की शरारत को रोकने का प्रयास किया था, जिसकी प्रतिक्रिया में छात्र ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पढ़ने वाला छात्र नेपाल रवानी लगातार प्रार्थना सभा और कक्षाओं के दौरान अनुशासनहीनता करता रहता है। शुक्रवार को जब शिक्षक मयंक कुमार ने उसे शरारत करने से रोका और डांटा, तो नेपाल रवानी ने इसे अपनी बेइज्जती समझते हुए बदला लेने की ठान ली। विद्यालय की छुट्टी के बाद, जब शिक्षक मयंक कुमार अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी खरखरी पुल के समीप नेपाल रवानी अपने दोस्तों के साथ पहले से घात लगाए बैठा था। इन युवकों ने रास्ता रोककर शिक्षक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शिक्षक का हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गया और उनके शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। शिक्षक को प्राथमिक उपचार की आवश्यकता पड़ी। विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी बताया कि नेपाल रवानी एक उद्दंड छात्र है, जो आए दिन शिक्षकों से बदसलूकी करता है और क्लास में अशांति फैलाता है। शनिवार को जब विद्यालय प्रशासन ने छात्र के अभिभावक को बुलाकर उसकी शिकायत की, तो छात्र ने उनके सामने ही सभी शिक्षकों को खुलेआम धमकी दी कि हमसे मत उलझिए, नहीं तो किसी को नहीं छोड़ेंगे। इतना ही नहीं, छात्र ने अपने अभिभावक की उपस्थिति में भी शिक्षकों से अभद्रता की और स्कूल से चले गया। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि शिक्षक की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, और छात्र नेपाल रवानी एवं उसके साथियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। इस घटना ने विद्यालय और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षक संघों और अभिभावकों ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की है।



