बरेली
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में बरेली के 78 लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत जनपद के 78 पात्र लाभार्थियों व उनके वारिसों को आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की गई। यह योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके अंतर्गत दुर्घटना में क्षति होने की स्थिति में पात्र कृषक परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका उद्देश्य संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है।
तहसीलवार स्वीकृत लाभार्थियों में सदर के 10, फरीदपुर के 18, मीरगंज के 19, बहेड़ी के 8, नवाबगंज के 4 तथा आंवला के 19 लाभार्थी शामिल हैं। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध कराने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा रश्मि पटेल, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. अविनाश त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



