रेलवे स्टेशन क्वार्टर चोरी कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, तीन गिरफ्तार
Police solved the railway station quarter theft case, three arrested

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित सहायक अभियंता राणा प्रताप यादव के आवास में 28 दिसंबर की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। नगर थाना कांड संख्या 330/2025 के तहत दर्ज इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गिरोह से जुड़े तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में एसडीपीओ दयानंद आजाद ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी को 30 दिसंबर की देर रात गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि हरिणडांगा मैदान के आसपास कुछ संदिग्ध लोग चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एसआईटी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और तीनों आरोपियों को मौके से धर दबोचा।तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दरवाजा व ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार, आरी की पत्ती तथा कटर बरामद किए गए। कड़ी पूछताछ में तीनों ने रेलवे स्टेशन परिसर स्थित सहायक अभियंता के क्वार्टर में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 125 ग्राम चांदी के आभूषण और ₹12,800 नकद भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले हैं। फरार आरोपी सहित अन्य संभावित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



