
गोड्डा : सदर अस्पताल परिसर में शनिवार की देर शाम डीजल जनरेटर (डीजी) में अचानक आग लग गई। यह जनरेटर अस्पताल के मुख्य गेट के पास स्थित है। वहीं घटना के समय तैनात सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए फायर एप्लीकेशन की मदद से आग पर काबू पा लिया जिस कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग एसएलसी विभाग द्वारा लगाए गए डीजी सेट में लगी थी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। हालांकि, यह घटना अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
वहीं बताया गया कि आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी गई। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग लगने की वजह क्या थी।स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर स्थायी फायर ब्रिगेड व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।



