शामली

खोडसमा में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गांव खोडसमा में बुधवार दोपहर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ शिव मंदिर में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान विनोद कुमार ने फीता काटकर किया। कथा के पहले ही दिन श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा पांडाल भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
कथा व्यास आचार्य संजीव कुमार महाराज ने प्रथम दिवस मंगलाचरण, गुरु वंदना और श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला आध्यात्मिक मार्ग है। कथा के दौरान उन्होंने सत्संग, सेवा और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब मनुष्य भगवान की शरण में आता है तो उसके जीवन के कष्ट स्वतः दूर होने लगते हैं।
पहले दिन की कथा में विशेष रूप से सृष्टि रचना, भगवान के अवतारों की भूमिका और कलियुग में नाम-स्मरण की महिमा का वर्णन किया गया। कथा सुनते समय श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और कई महिलाओं की आंखें नम दिखाई दीं। पूरा वातावरण “राधे-राधे” और “हरे कृष्ण” के जयकारों से गूंजता रहा।
कथा व्यास के साथ शुभम और शक्ति सिंह ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं, जिसने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। ढोलक और झांझ की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
आयोजकों ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर से सायंकाल तक चलेगी और समापन के दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पूरा खोडसमा गांव इस समय आध्यात्मिक उत्सव के रंग में रंगा हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button