बरेली
लगातार लापरवाही पर एसएसपी ने आठ पुलिस कर्मियों को किया निलंबित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । लगातार गैरहाजिरी व लापरवाही के आरोप में एसएसपी ने आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठाई है। एसएसपी के पीआरओ अमित पांडेय ने बताया कि यूपी 112 के मुख्य आरक्षी विजय कुमार 25 मार्च को तीन दिन के अवकाश पर गए थे, पर लौटे नहीं। 13 नवंबर 2025 को पुलिस लाइन के मुख्य आरक्षी विनेश कुमार की ड्यूटी बंदी पेशी सेशन हवालात में थी। चेकिंग के दौरान वह ड्यूटी पर नहीं मिले। फतेहगंज पूर्वी थाने के मुख्य आरक्षी राजवीर सिंह नौ मार्च को अवकाश पर जाने के बाद नहीं लौटे।
इसी तरह थाना देवरनियां के मुख्य आरक्षी सुनील कुमार आठ फरवरी को 29 दिन के अवकाश पर गए थे, पर अब तक गैरहाजिर चल रहे हैं। पुलिस लाइन के मुख्य आरक्षी अनुज कुमार के विरुद्ध कार्य एवं आचरण के संबंध में शिकायत पर जांच की गई। आरोप सही पाए गए। शाही थाने के आरक्षी अनिल चौधरी की ड्यूटी दुनका चौकी में थी। एक फरवरी को वह गैरहाजिर मिले थे। पुलिस लाइन के आरक्षी राजू सिंह 29 मार्च से दो दिन के अवकाश पर थे। अवकाश के बाद भी गैरहाजिर हैं। पुलिस लाइन के आरक्षी बॉबी कुमार 17 जनवरी से तीन दिन के अवकाश पर गए थे पर लौटे नहीं। सभी को निलंबित किया गया है।



