जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं जनता की समस्याएं, त्वरित समाधान का दिया निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया जनता दरबार के दौरान विभागों से संबंधित अनेक शिकायतें उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की गईं। उपायुक्त हेमंत सती ने मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी प्राप्त आवेदनों की भौतिक जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा और हर नागरिक को समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है उपायुक्त ने विशेष रूप से सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन उपरांत उसकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को अनिवार्य रूप से समर्पित करें। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और त्वरित होना चाहिए ताकि आमजन को राहत मिल सके ज्ञात हो कि साहेबगंज जिले में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जिसमें जिलेवासी अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रख सकते हैं। इस पहल से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत हुआ है और शासन की योजनाएं ज़मीनी स्तर तक पहुंच रही हैं।



