अमरोहा
हैंडलूम कारोबारी की आत्महत्या का मामला
12 दिन बाद कब्र से निकाला शव, सुसाइड नोट में 8 लोगों पर आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के नगर कोतवाली क्षेत्र में हैंडलूम कारोबारी गुफरान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। आत्महत्या के 12 दिन बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत उनका शव कब्र से बाहर निकाला गया। गुफरान ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो और सुसाइड नोट छोड़ा था। इसमें उन्होंने 8 लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। परिजनों ने शुरुआत में बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव को दफना दिया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शव को कब्र से निकालने की कार्रवाई फोरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। परिजनों का कहना है कि गुफरान को लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियां मिल रही थीं। पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। सुसाइड नोट और वीडियो में नामजद सभी 8 लोगों के खिलाफ धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नगर मजिस्ट्रेट के अनुसार यह मामला संवेदनशील है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



