बरेली
डीसीएम से टकराई कार, बैंक के उप प्रबंधक और उनकी मां की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। टिसुआ के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डीसीएम (मिनी ट्रक) से टकरा गई। हादसे में कार सवार बैंक के उप प्रबंधक और उनकी मां की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान हरदोई निवासी अर्पण पांडे (35 वर्ष) और उनकी मां मनोरमा पांडे (50 वर्ष) के रूप हुई। अर्पण मुरादाबाद में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में उप प्रबंधक पद पर तैनात थे। उनके पिता अशोक कुमार दरोगा हैं। वह रामपुर के किसी थाने में तैनात हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
जानकारी के मुताबिक अर्पण पांडे अपनी मां मनोरमा को लेकर कार से मुरादाबाद जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे के करीब टिसुआ के पास नेशनल हाईवे पर अर्पण की कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ जाकर डीसीएम से टकरा गई। डीसीएम बरेली की तरफ से आ रही थी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा डीसीएम में घुस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे को कार से बाहर निकाला और सीएचसी फरीदपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया। इसके बाद जाम खुल सका।




