अमरोहा
अमरोहा में गंगा में डूबे दो भाइयों का शव मिला
एक की तलाश जारी; तीजे के मुंडन संस्कार पर तीनों भाई आए थे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र स्थित तिगरी गंगा धाम में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भतीजे के मुंडन संस्कार में आए तीन सगे भाइयों में से दो के शव गंगा नदी से बरामद किए गए हैं। तीसरे भाई की तलाश जारी है।घटना 27 अगस्त की है। मुहल्ला दानिशमंदान निवासी रामपाल सिंह के बड़े बेटे आकाश के पुत्र विनायक का मुंडन संस्कार था। कार्यक्रम में आकाश के तीनों छोटे भाई – ओमकार (27), बंटी (23) और अनुज (18) भी शामिल हुए थे।दोपहर करीब 3 बजे तीनों भाई गंगा में नहाने गए। उस समय पहाड़ी जलाशयों से छोड़े गए पानी के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। शाम 6 बजे तक परिवार को घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने समझा कि तीनों भाई तिगरी गांव में रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं।जब परिजनों ने रिश्तेदारों से संपर्क किया तो पता चला कि तीनों भाई वहां नहीं पहुंचे। गंगा किनारे तीनों के कपड़े एक तख्त पर रखे मिले। पीएसी और गोताखोरों की टीम ने पांच दिन की मशक्कत के बाद दो भाइयों के शव बरामद किए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीसरे भाई की तलाश में गोताखोर जुटे हैं।


