तेजस एक्सप्रेस से टकराया जानवर, आरपीएफ ने मालिक की पहचान कर की कार्रवाई
Animal collided with Tejas Express, RPF identified the owner and took action

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बरहरवा (साहिबगंज), 23 जुलाई 2025 22 जुलाई 2025 को अपराह्न 4:25 बजे अप दिशा में जा रही 20501 तेजस एक्सप्रेस ट्रेन ओएचई मस्ट नंबर 181/31–33 के बीच एक जानवर से टकरा गई, जिसके कारण ट्रेन को करीब 13 मिनट तक घटनास्थल पर रुकना पड़ा।सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम—सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार हांसदा, हेड कांस्टेबल पिनाकी सरकार, हेड कांस्टेबल प्रलय मंडल तथा कांस्टेबल बबलू मुर्मू—मौके पर पहुंची। मुआयने में देखा गया कि जानवर का कुछ हिस्सा क्षत-विक्षत हालत में पटरियों के पास पड़ा हुआ था, जबकि बाकी हिस्सा पहले ही हटा लिया गया था।आरपीएफ ने आसपास के गांवों में पूछताछ की, लेकिन किसी ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मुखबिर द्वारा दी गई सूचना के आधार पर जानवर के मालिक की पहचान माइकल टुडू (पिता: मुंशी टुडू), निवासी: सरायबिंधी, थाना रंगा, जिला साहिबगंज के रूप में हुई।जब आरपीएफ टीम उनके घर पहुंची तो वह अनुपस्थित थे, परंतु बाद में बुलाए जाने पर उन्होंने उपस्थित होकर पूछताछ में यह स्वीकार किया कि वह जानवर उनके ही स्वामित्व का था। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सहयोग किया।नियमानुसार, माइकल टुडू को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा में आत्मसमर्पण करने को कहा गया। 23 जुलाई को उन्होंने आत्मसमर्पण किया, जिसके पश्चात उन्हें गिरफ्तार कर बेल बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया।आरपीएफ ने चेताया है कि रेलवे ट्रैक पर जानवर छोड़ना एक गंभीर अपराध है, जिससे ट्रेन परिचालन बाधित होता है और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



