जयपुरराष्ट्रीय

कार को टक्कर मारने के बाद पांच गाड़ियों से टकराया डंपर

50 को रौंदा; 13 लोगों की मौत

जयपुर । जयपुर के हरमाड़ा में ब्रेक फेल डंपर ने 300 मीटर तक कहर बरपाया, जिससे 13 लोगों की मौत और 15 घायल हुए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डंपर चालक हिरासत में, जांच जारी है।
राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में सोमवार दोपहर एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। लोहा मंडी रोड नंबर 14 पर तेज रफ्तार डंपर ने 300 मीटर तक बेकाबू होकर 10 गाड़ियों को रौंद दिया, जिससे मौके पर 13 लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक घायल हो गए, जिनमें से आठ गंभीर हैं।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद गाड़ियां परस्पर टकराकर क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ, जब डंपर खाली अवस्था में हाईवे पर चढ़ने की कोशिश में था। तभी अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया और वह बेकाबू होकर सड़क पर चल रहे वाहनों और राहगीरों को कुचलता चला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि डंपर लगभग 300 मीटर तक लोगों और गाड़ियों को रौंदता हुआ आगे बढ़ा, जब तक कि वह एक बड़े डिवाइडर से टकराकर रुका नहीं।
टक्कर के बाद घटनास्थल पर चारों ओर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। घायल लोग सड़क पर तड़प रहे थे और वाहन बुरी तरह मलबे में तब्दील हो गए थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को पास के कांवटिया अस्पताल भेजा गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। मृतकों के शवों को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सड़क के दोनों ओर से यातायात को डायवर्ट कर दिया और डंपर को हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई वाहनों के अंदर लोग फंसे हुए थे, जिन्हें कटिंग मशीनों की मदद से बाहर निकाला गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button