कस्तूरबा विद्यालय कर्माटांड़ में बाल दिवस पर खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
Sports and cultural programs organized on Children's Day at Kasturba Vidyalaya Karmatand

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बाल दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्कूल प्रशासन द्वारा खेलकूद प्रतियोगिता, हँस प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाल दिवस के महत्व को बताते हुए शिक्षकों ने छात्राओं को बाल अधिकार, शिक्षा एवं अनुशासन के प्रति जागरूक किया। इसके बाद खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत म्यूजिकल चेयर से हुई, जिसमें छात्राओं ने अपनी चपलता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बैलून फुलाना प्रतियोगिता में बच्चियों ने अपनी फुर्ती और उत्साह से सबका ध्यान खींचा। 100 मीटर दौड़ में भी छात्राओं ने पूरे जोश के साथ भाग लेते हुए खेल भावना का परिचय दिया। चित्रकला और हँस प्रतियोगिता ने कार्यक्रम को और भी मनोरंजक एवं रचनात्मक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी छात्राओं के लिए विशेष भोजन व नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। स्वादिष्ट पकवानों में पूरी, सब्जी, खीर और हलवा शामिल थे, जिसका बच्चियों ने आनंद उठाया। विद्यालय परिसर पूरे दिन हंसी-खुशी से गूंजता रहा और छात्राओं ने बाल दिवस को यादगार बना दिया। इस अवसर पर कस्तूरबा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अर्चना सिंह, सहायक शिक्षक पार्वती, कंप्यूटर शिक्षिका सोनी कुमारी, शिक्षक सरोजिनी कुमारी, संजोती मुर्मू, अंजनी मुर्मू, कविता कुमारी, मनीषा सेन एवं सावित्री सोरेन उपस्थित रहीं। सभी शिक्षकों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और भविष्य में इस तरह के आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया गया।



