अमरोहा
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना आदमपुर में किया आकस्मिक निरीक्षण
साइबर सेल व मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की की व्यापक समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था एवं आधुनिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा अखिलेश भदौरिया ने शनिवार को थाना आदमपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की समग्र व्यवस्थाओं, साइबर अपराध नियंत्रण तंत्र तथा महिला सुरक्षा सेवाओं की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान एएसपी भदौरिया सबसे पहले थाना कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सीसीटीएनएस कक्ष, हवालात, मालखाना, कंप्यूटर रूम, बीट सूचना रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों के संधारण में पारदर्शिता, समयबद्ध अद्यतन और बेहतर दस्तावेजीकरण पर जोर देते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिक सतर्कता और नियमित फील्ड निरीक्षण की सलाह भी दी। एएसपी ने थाने में संचालित साइबर सेल का निरीक्षण किया। उन्होंने साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, लंबित मामलों की प्रगति, डाटा विश्लेषण प्रणाली एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण की समीक्षा की। भदौरिया ने साइबर सेल टीम को 1930 साइबर हेल्पलाइन के व्यापक प्रचार-प्रसार, पीड़ितों की तत्काल सहायता, तथा डिजिटल साक्ष्यों के वैज्ञानिक संग्रहण व जांच की गुणवत्ता को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराधों में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए कर्मियों को नियमित प्रशिक्षण देने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में एएसपी मिशन शक्ति केंद्र आदमपुर भी पहुंचे, जहां महिलाओं से संबंधित सुरक्षा, परामर्श, शिकायत निस्तारण और हेल्पलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली का आकलन किया गया। उन्होंने महिला कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं तथा 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1098 बाल हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन के प्रति अधिक से अधिक महिलाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, पेशेवर दक्षता और तत्परता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है, इसलिए शिकायतों के त्वरित समाधान और पीड़ितों के प्रति मानवीय व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।




