
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय। प्रखंड क्षेत्र के जमनीकोला निवासी एवं राजद के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डॉ. जहीरूद्दीन का लंबी बीमारी के बाद मंगल की सुबह लगभग 3 बजे रांची रिम्स में निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक प्रतिनिधि व परिजन उनके आवास पर पहुंचकर अंतिम दर्शन कर रहे हैं। परिजनों के बताए अनुसार, डॉ.जहीरूद्दीन पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे और इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहने वाले जहीरूद्दीन अपनी सादगी, मिलनसार व्यवहार और संघर्षशील चरित्र के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। राजद प्रखंड अध्यक्ष के रूप में उन्होंने क्षेत्र की कई जनसमस्याओं को मुखरता से उठाया था। कई ऐसे काम उन्होंने किया है जो सदियों तक याद रहेगा। परिजनों ने बताया कि बुधवार को दोपहर में स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इधर, श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव ने डॉ. जहीरूद्दीन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. जहीरूद्दीन एक ईमानदार, संघर्षशील और समाज के हितों के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने बसंतराय क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है और इनका भरपाई करना मुश्किल है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिवार को इस दुख की घड़ी में सहन शक्ति प्रदान करें।



