गाजियाबाद
मंडोला में शहीद धर्मवीर शर्मा का 20वाँ शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : ग्राम मंडोला में आज देश के वीर सपूत शहीद धर्मवीर सिंह शर्मा का 20वाँ शहीदी दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहीद के परिवारजनों, ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज परिसर स्थित शहीद की समाधि पर आत्म शांति के लिए हवन यज्ञ का आयोजन किया गया।
हवन उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी अपनी श्रद्धांजलि दी तथा “शहीद धर्मवीर सिंह शर्मा अमर रहें” के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह-संघचालक श्री बागेश्वर त्यागी एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री श्री राजेन्द्र वाल्मीकि उपस्थित रहे। उनके साथ अभिषेक त्यागी छोटू, श्री राकेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने शहीद के दोनों पुत्रों श्री प्रवीण शर्मा एवं श्री विकास शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बागेश्वर त्यागी ने कहा कि हमारा क्षेत्र शहीद धर्मवीर सिंह शर्मा के देश के प्रति दिए गए सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनसे प्रेरणा मिलती रहेगी।
भाजपा जिला महामंत्री एवं ग्राम मंडोला निवासी राजेन्द्र वाल्मीकि ने शहीद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शहीद धर्मवीर सिंह शर्मा, पुत्र स्वर्गीय पं. लक्ष्मण शर्मा, सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वे राजस्थान के रामगढ़, जैसलमेर बॉर्डर पर देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए आतंकवादियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए थे। 14 जनवरी 2006 को गोली लगने से उनका बलिदान हुआ। तभी से प्रत्येक वर्ष ग्राम मंडोला में उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2006 में शहीद की स्मृति में ग्राम मंडोला में एक स्मारक गेट का निर्माण किया गया था।
शहीद के परिवार में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कुसुमलता शर्मा एवं दोनों पुत्र प्रवीण शर्मा और विकास शर्मा हैं, जो निरंतर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहते हैं।
कार्यक्रम में पं. राकेश शर्मा, शिवकुमार प्रधान, अभिषेक त्यागी, श्याम शर्मा, राजकुमार शर्मा, राजेश तवर, अमित त्यागी, कृष्ण, चिराग त्यागी, दिनेश शर्मा, गौरव सक्सेना, अनुज शर्मा, आर्यन सक्सेना, वीर शर्मा, बिट्टू त्यागी, नरेश गोंड सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



