बेतुल
बैतूल विधिक साक्षरता शिविर में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने रखे विचार
विश्व मानवाधिकार दिवस पर संयुक्त रूप से विधिक साक्षरता शिविर का हुआ आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। विश्व मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में 10 दिसंबर को शासकीय विधि महाविद्यालय बैतूल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल एवं प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, जयवंती हाक्सर शासकीय महाविद्यालय बैतूल के संयुक्त तत्वावधान में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन तथा माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश दिनेश चन्द्र थपलियाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर का शुभारंभ विवेकानंद कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रातः 12:15 बजे सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शर्मिला बिलवार, वरिष्ठ न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल तथा विशिष्ट अतिथि सोमनाथ राय, जिला विधिक सहायता अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय सिरसाम, सहायक प्राध्यापक (विधि) ने किया तथा स्वागत उद्बोधन डॉ. अनीता सोनी, वरिष्ठ प्राध्यापक, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस ने दिया।
कार्यक्रम में डॉ. धर्मेन्द्र कुमार तथा सुश्री रजिका थपलियाल ने मानवाधिकारों की वर्तमान प्रासंगिकता, न्यायिक प्रक्रिया और सामाजिक जागरूकता में उनकी भूमिका पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। शासकीय विधि महाविद्यालय बैतूल के प्राचार्य डॉ. हर्षवर्धन यादव ने विद्यार्थियों को मानवाधिकारों के संवैधानिक महत्व और विधि शिक्षा में उनकी अहम भूमिका पर प्रेरक संदेश दिया।
इस अवसर पर दोनों महाविद्यालयों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पत्रकार अरुण कुमार बड़ोदे और नैना पवार ने भी विश्व मानवाधिकार दिवस पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में राकेश पवार, प्राध्यापक, डॉ. वीणा चिरोंजे, सहायक प्राध्यापक, डॉ. वंदना राहुल, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथालयाध्यक्ष डॉ. रजनी मर्सकोले, स्पोर्ट्स ऑफिसर रूपेश जितपुरे, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राए मौजूद रही।
कार्यक्रम का समापन डॉ. चन्द्रशीला यादव, विभागाध्यक्ष, शासकीय विधि महाविद्यालय बैतूल द्वारा आभार व्यक्त कर किया गया। विधिक सेवा प्राधिकरण तथा दोनों शिक्षण संस्थानों के सहयोग से आयोजित यह संयुक्त कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अत्यंत सफल साबित हुआ।




