नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला आजादपुरा नई बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने आवास योजना में नाम शामिल कराने के नाम पर रिश्वत मांगने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर कार्रवाई की मांग की है। आजादपुरा नई बस्ती निवासी शिवशंकर कुशवाहा पुत्र प्रेमनारायण कुशवाहा ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किया था। आरोप है कि जब वह विभाग में आवास सूची की जानकारी लेने पहुंचा तो वहां मौजूद कर्मचारी रामनन्दन सेन ने कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया और उसे कार्यालय से बाहर जाने को कहा। विरोध करने पर कथित रूप से उसे डांटकर भगा दिया गया। इसके बाद पीडि़त की मुलाकात रोहित सेन नामक एक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को विभागीय कार्य कराने वाला बताते हुए आवास दिलाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि रोहित सेन ने कर्मचारी रामनन्दन सेन से बातचीत कराई, जिसके बाद आवास दिलाने के एवज में अवैध धनराशि की मांग की गई। पीडि़त का कहना है कि जब उसने रिश्वत देने से इनकार किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच की और भविष्य में कार्यालय आने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से पीडि़त भयभीत है। पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।



