
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शासन की महत्वाकांक्षी भावांतर भुगतान योजना के सुचारू क्रियान्वयन के तहत अनुभाग बैतूल स्तर के नोडल अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बैतूल के साथ सहायक नोडल अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को बैतूल कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव श्री परते को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मंडी परिसर में किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विशेष रूप से सोयाबीन सेड क्रमांक तीन एवं पांच का निरीक्षण कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने, पेयजल व्यवस्था को यथावत बनाए रखने, तथा भावांतर योजना 2025-26 के फ्लेक्स बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए। टीम ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत किसी भी किसान को किसी प्रकार की असुविधा या परेशानी न हो।
एसडीएम ने अधिकारियों को कहा कि भावांतर योजना किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को उनके उत्पाद का उचित लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव श्री परते सहित मंडी कर्मी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




