गोड्डा
संतों की वाणी से इंसान बनते परोपकारी : प्रमोद महाराज
सदर प्रखंड मैदान में दो दिवसीय संतमत सत्संग का नगर अधिवेशन आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : स्थानीय ब्लाक मैदान पर शनिवार को संतमत सत्संग का दो दिवसीय नगर अधिवेशन शुरू हो गया। अधिवेशन में कुप्पाघाट भागलपुर से पधारे संत गुरुचरण सेवी स्वामी प्रमोद जी महाराज ने कहा कि संत बहुत ही उपकारी होते हैं। संतों की वाणी से इंसान परोपकारी बनते हैं। सभी को संतों का सम्मान करना चाहिए। कहा कि जिनके पूर्व जन्म में पुण्य जमा होते हैं उसी को सत्संग प्राप्त होता है। जो बराबर सत्संग सुनते हैं उसके काम, क्रोध,लोभ, मोह, ईर्श्या समाप्त हो जाते हैं। संतों की वाणी का संग करना ही सत्संग है। इस संसार में संतों का संग बड़ा ही दुर्लभ है। मौके पर संतमत के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता स्वामी सत्यप्रकाश जी महाराज ने कहा कि बड़े भाग्य से हमें मनुष्य का शरीर मिला है। यह शरीर साधनों का धाम और यह मोक्ष का द्वार है। इस शरीर को पाकर जो साधना नहीं करते हैं वे इस लोक में दुख पाते हैं और सिर धुन धुन कर पछताते हैं। मौके पर महामंडलेश्वर स्वामी विश्वंभरानंद , स्वामी गोपालानंद,अशोकानंद आदि ने भी प्रवचन दिए। इसके पूर्व सूरज गर्ल्स होस्टल की छात्राओं ने आगन्तुकों के स्वागत में स्वागत गान प्रस्तुत किए। वहीं जगदीश पंजियारा ने अभिनंदन पत्र समर्पित किया। जबकि ट्रस्ट के मंत्री रामजीवन मंडल ने स्वागत भाषण किया। मंच का संचालन ट्रस्ट के अध्यक्ष ओमप्रकाश मंडल ने किया। वहीं बुक स्टाल पर संत साहित्य की पुस्तकों को खरीदा। यह कार्यक्रम रविवार को दोनों बेला में भी आयोजित होगा। भजन गायक दिलीप स्वर्णकार ने मौके पर कई भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मंटु टेकरीवाल, कैलाश पंजियारा,रामजी साह,अरविंद यादव, श्रवण मांझी, विनय कुमार, मुकेश ,शिवनारायण पंडित आदि के अहम भूमिका अदा की।




