गाजियाबाद
लाभार्थियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
प्रशिक्षुओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का मौका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद (कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में जनपद के लोनी क्षेत्र के ग्राम बेहटा हाजीपुर, सिकरानी, बलराम नगर एवं सरस्वती विहार में प्रशिक्षण प्रारंभ किए जाने के अवसर पर लाभार्थियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि संस्थान द्वारा प्रशिक्षण के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षु आत्मनिर्भर बन सकें।
निदेशक ने सभी अनुदेशकों को प्रशिक्षण को सुचारू रूप से संचालित करने, दस्तावेज समय पर पूर्ण करने और लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) व संयुक्त देयता समूह (जेएलजी) के गठन, बैंक से लोन प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के बाद लाभार्थियों को संस्थान की ओर से रोजगार स्थापना में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी गुरूदीन ने किया।
इस अवसर पर कुल 182 लाभार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सिकरानी से कविता एवं अंजली, बेहटा हाजीपुर से अदीबा, बलराम नगर से सुषमा त्यागी, हिमांशु त्यागी, तथा सरस्वती विहार से पुलकित, सुमित धामा और आरती का विशेष योगदान रहा।


