ट्विंकल चौधरी ने दी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी
Twinkle Chaudhary gave detailed information about various schemes.
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ की ओर से शुक्रवार को हिरणपुर प्रखंड अन्तर्गत तोड़ाई पंचायत भवन परिसर में न्याय का पहिया से डालसा टीम लोगों के बीच पहुंचे। तोड़ाई पंचायत की मुखिया तेरेसा टुडू ने पौधा देकर उनका जोरदार तरीके से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मंच का संचालन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ट्विंकल चौधरी ने करते हुए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दिया तथा योजना से होने वाले लाभ एवं योजना चयन प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दिया। तत्पश्चात पैनल अधिवक्ता गंगाराम टुडू के द्वारा डीएलएसए के कार्यों तथा गरीब एवं वंचित परिवारों को दी जाने वाली सुविधाओं एवं लाभ तथा कानूनी जानकारी के बारे में बताया गया। पीसीआई से जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मोहम्मद अनीश द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत से संबंधित जानकारी दी गई। 1098 एवं 181 टोल फ्री नंबर के विषय में भी बताया गया। साथ ही स्कॉलरशिप की भी जानकारी दी गई। अपने अभिभाषण में डालसा के स्थायी सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री राजीव कुमार झा ने कानून के दायरे से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनता को सुदृढ़ एवं सक्षम बनाने के लिए सरकार की योजनाएं हैं लेकिन उनको कानूनी हक दिलाने के लिए न्याय व्यवस्था है और इसी के तहत डालसा कार्य कर रही है। इनके द्वारा सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणाम के बारे में विस्तार से बताया उन्होंने कहा की बाल विवाह डायन प्रथा, ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसी कुरीतियां समाज के विकास में बाधक है तथा इसे जड़ से मिटाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने जरूरतमंदों को आगे बढ़कर न्याय क्षेत्र में नि:शुल्क दी जाने वाली सुविधाओं एवं हक दिलाने में साथ देने का वादा किया। मौके पर पीएलवी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सखी दीदीयां, पंचायत सचिव मीनू कुमारी, मो० अनीश डीपीसी-पीसीआई सहित अन्य लोग मौजूद थे।



