गाजियाबाद
पुलिस की लापरवाही पड़ी भारी
समय पर कार्रवाई न होने से युवक की हत्या, परिजनों ने किया सड़क जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह करने वाले युवक नितिन की निर्मम हत्या के मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि समय रहते सूचना मिलने के बावजूद पुलिस ने क्षेत्राधिकार का हवाला देकर कार्रवाई नहीं की, जिससे युवक की जान नहीं बच सकी।मृतक नितिन, पुत्र रामनाथ, निवासी गीतांजलि विहार ने एक साल पहले फरखनगर निवासी मुस्कान से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद मुस्कान अपने मायके लौट गई।
बताया जा रहा है कि मुस्कान के परिजनों ने बातचीत के बहाने नितिन को पड़ोसी के द्वारा घर से बुलाया। आरोप है कि मुस्कान के पिता मेहरुद्दीन, चाचा आसिफ अली और भाई उसे कार में बैठाकर भूपखेड़ी गांव के जंगल की ओर ले गए, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए उसके सिर पर गाड़ी चढ़ा दी। इस दौरान नितिन के भाई के साथ भी मारपीट की गई, हालांकि वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।घटना की सूचना रात करीब 11 बजे पुलिस को दी गई, लेकिन रुपनगर चौकी ने इसे अपने क्षेत्र से बाहर बताकर कार्रवाई नहीं की। इसके बाद बंथला पुलिस ने भी मामला टीला मोड़ थाना क्षेत्र का बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय होती, तो नितिन की जान बचाई जा सकती थी।
पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर आक्रोशित परिजनों ने लोनी-गाजियाबाद मार्ग पर बागराणप कॉलोनी के सामने जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की शिनाख्त के बाद जाम खुलवाया गया।इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की संवेदनहीनता और धीमी कार्यप्रणाली को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।




