बाराबंकी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामनगर की लापरवाही से दिन भर परिजन रहे परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के थाना रामनगर अन्तर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर हो रही जाँचों में घोर लापरवाही सामने आ रही है। स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा लगातार अस्पतालों का निरीक्षण किए जाने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सरकार की नीतियों को नजरअंदाज करते हुए मनमानी और लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। ताज़ा मामला रामनगर निवासी Aez News channel के संपादक उत्तम पांडे के पुत्र सार्थक पांडे का है। बताया जाता है कि सार्थक को डेंगू हो गया था, जिसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लेकर पहुँचे। यहां हुए चेकअप में जाँच रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन 4.5 दर्शाया गया। रिपोर्ट देखकर परिजन घबरा गए और बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल बाराबंकी के लिए रेफर कर दिया गया। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। शाम करीब छह बजे डॉक्टरों ने पुनः जांच कराने और खून चढ़ाने की तैयारी करने को कहा। संदेह होने पर परिजनों ने बच्चे की जांच एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर कराई, जहां हीमोग्लोबिन 11.2 पाया गया। सरकारी और निजी जांच रिपोर्टों में इतने बड़े अंतर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार और लापरवाही अपनी चरम सीमा पर है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है।



