डुमरसोल में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, मार्गोमुंडा बना विजेता
A grand three-day football competition was organised in Dumrasole, Margomunda emerged victorious.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड के अंतर्गत डुमरसोल गांव में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष जुली खिष्टमणि हेम्ब्रम उपस्थित रहीं। उनके साथ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, शिबघन हांसदा, क्लब के बपी टुडू तथा पंचायत प्रधान सुनिराम किस्कू भी मंचासीन रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल मैच मार्गोमुंडा और हांसदा बाखोल टीम के बीच खेला गया। दर्शकों की भारी भीड़ के बीच खेले गए इस मुकाबले में मार्गोमुंडा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹50,000 तथा उपविजेता टीम को ₹40,000 की राशि प्रदान की गई। इस आयोजन से डुमरसोल सहित आसपास के क्षेत्रों में खेल के प्रति उत्साह और आपसी भाईचारे का संदेश प्रसारित हुआ।



