बहराइच

घर में घुसा मगरमच्छ, पुरे गांव में दहशत का माहौल 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बहराइच। जनपद के नानपारा तहसील क्षेत्र के भोपतपुर बेलवा गांव में एक विशालकाय मगरमच्छ एक ग्रामीण के घर में घुस गया। मगरमच्छ को घर से निकालने के लिए वन विभाग की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बहराइच के नानपारा क्षेत्र के भोपतपुर बेलवा गांव में सोमवार रात एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस आया। उसकी लंबाई लगभग 15 फुट बताई जा रही है। करीब आठ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पूरे गांव में दहशत का आलम रहा। भोपतपुर बेलवा गांव निवासी बफाती के घर में सोमवार रात करीब एक बजे मगरमच्छ घुस आया। शौचालय की ओर छुपे मगरमच्छ को देखकर परिजनों और आसपास के ग्रामीणों के होश उड़ गए। किसी अनहोनी की आशंका से घबराए लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने वन विभाग को सूचित किया। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता के नेतृत्व में वन विभाग की टीम को भारी बारिश व अंधेरे के चलते रेस्क्यू कार्य में खासी मुश्किलें आईं। मगरमच्छ घर के शौचालय में घुसा हुआ था, उसे बाहर निकालने के लिए टीम में शामिल वन दरोगा बृजेश वर्मा, वन रक्षक कमलेश, ऋषिपाल, छोटकन व जाबिर को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार सुबह आठ बजे मगरमच्छ को सकुशल पकड़ लिया गया। वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि मगरमच्छ को गायघाट स्थित सरयू नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस दौरान गांव में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा रही, मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button