बरेली
शहर में आज जुटेंगे देश भर के 1000 से अधिक विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन यानि आईएमए बरेली को 15 साल बाद प्रदेश स्तरीय वार्षिक अधिवेशन यूपीकॉन की मेजबानी का मौका मिला है। बरेली के लिए यह मौका मिलना किसी गौरव से कम नहीं है। बरेली आईएमए की ओर से 29 और 30 नवंबर को आयोजित होने जा रहे प्रदेश स्तरीय वार्षिक अधिवेशन में देश भर से 1 हजार से अधिक चिकित्सक हिस्सा लेंगे। यह जानकारी आईएमए यूपी के इलेक्टेड प्रेसीडेंट डॉ. रवीश अग्रवाल ने बुधवार को आईएमए भवन में पत्रकारों से बात करते हुए दी।
आईएमए के साइंटिफिक चेयरमैन डॉ. सुदीप सरन ने बताया कि कांफ्रेंस में पहले दिन कार्डियोलाजी और दूसरे दिन पल्मोकान होगा। इसमें मेदांता, मेडिसिटी समेत कई बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। आईएमए फार्म हाउस पर सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक होंगे। डॉ. विनोद पागरानी ने बताया कि इस कांफ्रेंस में अब तक का सर्वाधिक पंजीकरण हुआ है। आयोजन विशेषज्ञों की भागीदारी के लिहाज से रिकॉर्ड बनाएगा। कांफ्रेंस में यूजी और पीजी के मेडिकल छात्रों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। डॉ. विमल भारद्वाज ने बताया कि पहले दिन स्टेट वर्किंग कमेटी की बैठक होगी। इसमें प्रदेश स्तरीय एजेंडे पर चर्चा के साथ ही अस्पताल-शासन से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। इसके साथ ही नई टीम का पदभार ग्रहण भी होगा। डॉ. रवि मेहरा ने बताया कि 30 नवंबर को एमबीबीएस के छात्रों के लिए विशेष शैक्षणिक सत्र होगा। आईएमए अध्यक्ष डॉ. अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि कल्चरल नाइट में कोलकाता और भोपाल के कलाकारों की प्रस्तुति होगी। इस दौरान डॉ. राजीव गोयल, डॉ. अनूप आर्या, डॉ. अंशु अग्रवाल, डॉ. रितु राजीव, डॉ. शालिनी माहेश्वरी समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।



