बरेली
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में दो दिवसीय कोलोप्रोक्टोलॉजी कॉन्फ्रेंस एवं वर्कशॉप आरंभ
वरिष्ठ सर्जन डॉ.आईएस तोमर और आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सक डॉ.लालता प्रसाद को किया सम्मानित

आधुनिक टेक्नोलॉजी को अपनाकर सेवा के जुनून के साथ उपचार को आगे आए युवा पीढ़ी: देव मूर्ति
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में शनिवार को दो दिवसीय कोलोप्रोक्टोलॉजी कॉन्फ्रेंस एवं ट्रेनिंग वर्कशॉप शुरू हुई। पहले दिन सर्जरी में विशिष्ट सेवाओं के लिए वरिष्ठ सर्जन एवं पूर्व महापौर डॉ.आईएस तोमर और वरिष्ठ आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सक डॉ.लालता प्रसाद को लाइफ टाइम अचीवमेंट से सम्मानित किया गया। एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देव मूर्ति ने सम्मानित करते हुए कहा कि युवा चिकित्सकों को इनसे सेवा भाव, जुनून और नैतिक मूल्य सीखने चाहिए। मरीजों के उपचार में आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ नैतिक मूल्यों का ध्यान बेहद जरूरी है। कॉलेज के जनरल, लेप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक सर्जरी विभाग और एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया बरेली चैप्टर के सहयोग से आयोजित इस कॉन्फ्रेंस के पहले दिन 11 साइंटिफिक सेशन हुए।
देव मूर्ति ने डॉ.तोमर को बड़ा भाई बताते हुए महापौर बनने का किस्सा साझा किया। डॉ.तोमर ने कहा कि 1972 में एमएस करने के बाद एक्सरे के अलावा सुविधा नहीं थी, फिर भी 65 हजार से अधिक सर्जरी कीं। उन्होंने कहा कि इलाज में धन नहीं, नैतिक मूल्यों को थामे रखना जरूरी है और युवा डॉक्टर रोज दो मिनट अंतरात्मा की आवाज जरूर सुनें।
उद्घाटन सत्र में आईएससीपी के पूर्व प्रेसिडेंट डॉ.प्रशांत रहाटे, सेक्रेटरी डॉ.नीरज गोयल, एकेडेमिक कन्वीनर डॉ.दिनेश शाह, आईएमए प्रदेश अध्यक्ष डॉ.रवीश अग्रवाल, एएसआई बरेली चैप्टर अध्यक्ष डॉ.कौशल कुमार, प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ.एमएस बुटोला ने विचार रखे। स्वागत विभागाध्यक्ष डॉ.एसके सागर ने किया, संचालन डॉ.शिवांगी मिधा ने और आभार डॉ.अमित सिंह ने जताया। इस मौके पर डायरेक्टर आदित्य मूर्ति, डॉ.जितेन चौधरी, डॉ.सुजॉय मुखर्जी, डॉ.आरपी सिंह सहित फैकल्टी, डेलीगेट्स और पीजी छात्र मौजूद रहे।




