
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन : मूंग खरीद की धीमी रफ्तार को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को अपने आवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जनपद के 17 मूंग क्रय केंद्रों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। अब तक मात्र 260.700 क्विंटल मूंग की खरीद होना, तय लक्ष्य की तुलना में बेहद कम बताया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मूल्य समर्थन योजना सरकार की प्राथमिक योजनाओं में शामिल है, जिसका लाभ हर पात्र किसान तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन केंद्र प्रभारियों की कार्यशैली असंतोषजनक है, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और आवश्यक हो तो केंद्रों को निरस्त करने की संस्तुति भेजी जाए।
बिचौलियों की किसी भी भूमिका को नकारते हुए उन्होंने किसानों के सीधे पंजीकरण, खसरा-खतौनी से मिलान और सत्यापन के निर्देश दिए। साथ ही, क्रय केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, दोषियों पर सख्त कार्यवाही तय है।



