संस्कृति और पहचान की रक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी- उपासना मरांडी
Protecting culture and identity is our collective responsibility – Upasana Marandi

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर, पाकुड़। मेलर आदिम जनजाति संघर्ष मोर्चा, झारखंड प्रदेश जिला समिति, पाकुड़ के बैनर तले महेशपुर प्रखंड के कैराछतर स्थित क्रिकेट मैदान में जावा जोगाई नृत्य करम महापर्व 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। आयोजकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में भुइयां, घटवार, घटवाल एवं पहाड़िया समाज के सैकड़ों पुरुष और महिलाएं शामिल हुए। पारंपरिक करम गीत-संगीत और जावा जोगाई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और पारंपरिक विरासत के संरक्षण का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि करम पर्व केवल पूजा और उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज की पहचान, परंपरा, प्रकृति के प्रति आस्था और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और आगे बढ़ाना किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान करते हुए कहा कि पूर्वजों से मिली सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जावा जोगाई नृत्य जैसे पारंपरिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ युवाओं को अपनी संस्कृति और पहचान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उपासना मरांडी ने आगे कहा कि संस्कृति के संरक्षण के साथ समाज के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की आवाज को भी मजबूत करना होगा। उन्होंने लोगों से सामाजिक एकजुटता बनाए रखने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बीरबल राय, सचिव जितेंद्र राय, कोषाध्यक्ष गणेश राय, ग्राम प्रधान गोपी राय, अंजनी कुमार भगत, लक्ष्मण राय, सुबोध राय, दुर्गा राय, केशव राय, मितन राय, लालू पहाड़िया, बलराम राय, नंदकिशोर राय, लखन राय, राजू राय, कान्तु राय, कुन्दन कुमार सिंह सहित मेलर समाज के सैकड़ों पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे।



