मेरठ

जिलाधिकारी ने की एक करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा

रैंकिंग सुधार को लेकर दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

मेरठ।  जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं, विकास कार्यों और मा. मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में ग्राम्य विकास विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, यूपी सेतु निगम, विद्युत विभाग, जल निगम, कारागार विभाग, सिंचाई विभाग, यूपीसिडको, लोक निर्माण विभाग, दुग्ध विकास, चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, नमामि गंगे एवं जलापूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रमुख परियोजनाओं में राजकीय इंटर कॉलेज माछरा, थाना सरूरपुर में छात्रावास, पुलिस लाइन में बहुउद्देश्यीय ऑडिटोरियम, जिला कारागार में चार बैरकों का निर्माण, कृषि विश्वविद्यालय दांतल प्रक्षेत्र की बाउंड्रीवाल, टू लेन रेल ओवरब्रिज, ग्राम पांचली में धन सिंह कोतवाल आर्ट गैलरी, मवाना में 220 केवी उपकेंद्र, शहीद स्मारक सौंदर्यीकरण, पूठखास में प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास जैसे कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हों, कार्यों की प्रगति का नियमित निरीक्षण किया जाए और आवश्यकता अनुसार फील्ड विज़िट कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर भी विशेष फोकस

बैठक में मा. मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जुड़े जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, पेंशन योजनाएं, पंद्रहवां वित्त आयोग अंतर्गत ग्राम पंचायत कार्य, निपुण परीक्षा आकलन जैसे बिंदुओं पर भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद की रैंकिंग में सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को ठोस और परिणामदायी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अशोक कटारिया, पीडीडीआरए सुनील कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अतुल सक्सेना, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button