मेरठ के हिस्ट्रीशीटर का शव मिलने से हडक़ंप, 10 दिन से था लापता
- शरीकपुर के बड़े नाले में मिला शव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर । सिंभावली थाना क्षेत्र में बुधवार को मेरठ के हिस्ट्रीशीटर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान मेरठ जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर सरताज (45) पुत्र शौकीन के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों ने सिंभावली क्षेत्र के जंगल में दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बड़े नाले में झाडिय़ों के बीच से एक शव बरामद किया जो पूरी तरह सड़-गला चुका था। आसपास में फोटो प्रसारित करने के बाद पहचान हो सकी। बताया गया कि सरताज की गुमशुदगी की रिपोर्ट सात दिन पहले मुंडाली थाने में उसके परिजनों ने दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर महेंद्रपाल सिंह का कहना है कि शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह डिकंपोज हो चुका है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। इंस्पेक्टर महेंद्रपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की आगे की जांच मेरठ के मुंडाली थाने की पुलिस द्वारा की जाएगी। सरताज का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पिछले कई दिनों से अपने घर से लापता था। फिलहाल मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हडक़ंप मचा हुआ है।
—–


