ललितपुर
प्रोजेक्ट नई किरण से टूटा परिवार फिर जुड़ा
पुलिस लाइन सभागार में हुए आयोजन में एक परिवार का हुआ पुनर्मिलन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पारिवारिक विवादों को सुलह-समझौते के माध्यम से सुलझाने की दिशा में प्रोजेक्ट नई किरण एक बार फिर सफल साबित हुआ। रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक के निर्देशन में आयोजित प्रोजेक्ट नई किरण के तहत समझाइश के बाद एक परिवार का पुनर्मिलन कराया गया। आपसी सुलह के आधार पर दोनों पक्ष खुशी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गए और मिठाई खिलाकर रिश्तों में फिर से आई मिठास का संदेश दिया। सदस्यों ने पारिवारिक मामलों में संवाद, सहनशीलता और आपसी समझ के महत्व को रेखांकित करते हुए पक्षकारों को समझाया। इसके परिणामस्वरूप एक परिवार का दांपत्य जीवन पुन: पटरी पर लौट आया। वहीं, अन्य पांच पारिवारिक मामलों में अग्रिम सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई। कार्यक्रम में बताया गया कि प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य जनपद में बिखरे हुए परिवारों को जोड़कर उनके दांपत्य जीवन में नई रोशनी लाना है। यह पहल टूटते रिश्तों को सहेजने और समाज में पारिवारिक समरसता बनाए रखने का सार्थक प्रयास है। इस दौरान सदस्य अजय बरया, डा.दीपक चौबे, डा. एस.पी. पाठक, सुभाष जैन, डा.जनक किशोरी शर्मा, सुधा कुशवाहा एवं डा.अरमान कुरैशी की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला थाना प्रभारी अनीता देवी, महिला हेड कांस्टेबल आशा देवी तथा महिला आरक्षी सिमरन का विशेष सहयोग रहा।



