गोड्डा
जिला प्रशासन की नेक पहल, रक्तदान शिविर का आयोजन
पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस बल ने किया 55 यूनिट रक्तदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड स्थापना दिवस के 25वें वर्षगांठ के अवसर पर गोड्डा पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस लाइन परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की नेक पहल से कुल 55 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस विशेष मौके पर गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, महागामा एसडीपीओ सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस बल एवं आईआरबी के जवानों ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के द्वारा रक्तदान कर की गई। इसके बाद तमाम पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान में भाग लिया। मौके पर चिकित्सा टीम की ओर से सभी रक्तदाताओं की आवश्यक जांच कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रहण किया गया।पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि “रक्तदान महादान है। इस शिविर के माध्यम से जिले के जरूरतमंद लोगों को होने वाली रक्त की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। पुलिस सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि सेवा के कार्यों में भी हमेशा अग्रसर रहती है।” उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया और आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में पुलिस लाइन का माहौल सेवा-समर्पण की भावना से सराबोर रहा। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




