ललितपुर
आपूर्तिकर्ता दुकानदार को ही ओवररेट मिल रही खाद
बजरंग सेना ने डीएम को भेजा ज्ञापन, उठायी कार्यवाही की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिले में खाद की कालाबाजारी को उचित कार्यवाही कर तत्काल रोके जाने की मांग को लेकर बजरंग सेना जिलाध्यक्ष डा.दीपक पस्तोर के नेतृत्व में एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया है। बताया कि देश व प्रदेश का अन्नदाता किसान कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी खेती कर अन्न उत्पादन करता है। यही किसान हमारे राष्ट्र की रीढ़ है और उसकी मेहनत से ही देश आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनता है। किंतु खेद का विषय है कि वर्तमान समय में किसान भाइयों को खाद की कालाबाजारी जैसी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि शहर में विभिन्न कम्पनियों के खाद आपूर्तिकर्ता द्वारा डीएपी खाद दुकानदारों को सरकारी मूल्य से अधिक पर खाद उपलब्ध करायी जा रही है। दुकानदारों का आरोप है कि उनसे 1550 रुपये प्रति बोरी की दर की मांग की जा रही है, जो कि सरकारी मूल्य से करीब 200 रुपये अधिक है। बताया कि ऐसे तो सरकार की मंशा पर पानी फिर जायेगा। उन्होंने किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था कराये जाने, उक्त आपूर्तिकर्ता द्वारा की जा रही कथित कालाबाजारी की गहन जांच कराकर उनका लाइसेंस निरस्त किया जाकर कानूनी कार्यवाही किये जाने की मांग उठाते हुये अन्यथा की स्थिति में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देते समय जिलाध्यक्ष डा.दीपक पस्तोर, प्रदेश प्रभारी शुभम पस्तोर, कपिल नायक, रामकुमार तिवारी, सुशील श्रीवास्तव, अजय सिंह बुन्देला, कैलाश कुशवाहा, जयराम सेन, उपदेश आचार्य, राघवेन्द्र सिंह बुन्देला, संजय सिंह लोधी, कृष्ण कुमार, मोहित लोधी, अंकित सेन, खुशाल समैया, पंकज सेन, रोहित अहिरवार, मनविन्दर कौर, जितेन्द्र नायक, कविता पस्तोर, नीतू राजा बुन्देला, विकास मिश्रा, रोहित पटेल के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।
सेमराबुजुर्ग में नेशनल फ्लैग के अपमान का आरोप
बजरंग सेना ने एक पत्र और डीएम को भेजा है। इस पत्र में उन्होंने बार ब्लॉक के ग्राम सेमरा बुजुर्ग में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक धर्म विशेष के चिह्न के नीचे झण्डा फहराये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पदाधिकारियों ने फ्लैग कोड ऑफ इण्डिया 2002 के प्रावधानों का हवाला देते हुये प्रकरण की जांच करायी जाकर कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है।