कैराना
पठेड़ में घर से चांदी के जेवर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। पुलिस ने ग्राम पठेड़ में घर से चांदी के आभूषण चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 5250 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 25/26 मार्च 2026 की रात ग्राम पठेड़ निवासी इदरीस पुत्र इलियाकत के घर में अज्ञात चोर घुस गया था। चोर अलमारी में रखी चांदी की पायल, बिछुए, गले का पेंडल व चुकटी चोरी कर फरार हो गया था। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना कैराना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रविवार रात संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में कैराना पुलिस ने आरोपी सादिक पुत्र लियाकत निवासी ग्राम पठेड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 5250 रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ थाना कैराना में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

