भाजपा युवा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बिजनौर। पुलिस ने भाजपा युवा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर अपने साथी छात्र की फोटो से फर्जी अकाउंट बनाकर धमकी दी थी। घटना 8 जुलाई की है। हिमांशु कश्यप की इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड एक वीडियो पर ‘नवेद’ नाम के फर्जी अकाउंट से धमकी भरा कमेंट किया गया। पुलिस ने अगले दिन मामला दर्ज कर लिया। जांच में पता चला कि इंस्टाग्राम प्रोफाइल में हापुड़ निवासी नावेद पुत्र शमशाद की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। नावेद से पूछताछ में सामने आया कि उसकी जानकारी के बिना किसी और ने यह अकाउंट बनाया था। पुलिस ने मेटा से आईपी एड्रेस और यूजर डिटेल्स मांगी। इस जानकारी को गूगल और टेलीकॉम कंपनियों से क्रॉस वेरिफाई किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि अकाउंट बिजनौर के मोहल्ला जुलाहान निवासी फैज़याब पुत्र जफरयाब का था। शुक्रवार को फैज़याब को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया। फैज़याब और नावेद मेरठ के एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं।



