जालौन
धार्मिक उन्माद फैलाकर किया माहौल बिगाड़ने का प्रयास
0 इंटरनेट मीडिया पर वीडियो किया प्रसारित, मुस्लिम धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली की टिप्पणियां
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। इंटरनेट मीडिया पर धार्मिक वीडियो प्रसारित कर मुस्लिम धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां कर माहौल बिगाड़ने का भरपूर प्रयास किया गया है। सैकड़ों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के नामजद शिकायती पत्र दिया।
नगर क्षेत्र निवासी प्रदीप दीक्षित ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित किया जिसमें मुस्लिम समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां की गई हैं। साथ ही आरोप है कि वीडियो में कथित रूप से लोगों को जबरन जय श्रीराम का नारा लगाने के लिए दबाव बनाने और न मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। हसीन, अमजद, इदरीसी, आसिफ खान, तौसीफ, सुल्तान शेख, सादाब, सैफ, आदिल ने इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पहले भी कई बार इस प्रकार के पोस्ट कर चुका है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वीडियो बनाने और प्रसारित करने में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है व कार्रवाई की जा रही हैं।



