गाजियाबाद
रिटायर्ड एयरफोर्स वारंट ऑफिसर की हत्या में साजिश का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : 26 दिसंबर को रिटायर्ड एयरफोर्स वारंट ऑफिसर योगेश कुमार की अशोक बिहार कालोनी लोनी में हुई हत्या के मामले में परिजनों ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मृतक की पत्नी लता, मां और पुत्रवधू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस के उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष व पारदर्शी जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि हत्या का आरोपी अरविंद जानबूझकर पुलिस को गुमराह कर रहा है और साजिश के तहत मृतक के दोनों बेटों का नाम मामले में घसीटा गया है।
मृतक के साले धीरज ने आरोप लगाया कि योगेश कुमार के अरविंद की बहन से कथित संबंधों की चर्चा थी। इसी रंजिश के चलते अरविंद और उसके बहनोई नवीन, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है, ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी गढ़ी, जिससे मुकदमा कमजोर किया जा सके।
परिवार ने यह भी सवाल उठाया कि क्या उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत कोई सिपाही मात्र पांच लाख रुपये की फिरौती के लिए इतनी बड़ी आपराधिक साजिश में शामिल हो सकता है। यह तथ्य पूरे मामले को और भी संदिग्ध बनाता है।
मृतक की पत्नी लता ने कहा कि यदि पुलिस केवल आरोपी के बयान के आधार पर जांच करेगी तो सच्चाई कभी सामने नहीं आएगी। उन्होंने मांग की कि पुलिस अपने स्तर से वैज्ञानिक और स्वतंत्र तरीके से जांच करे। उनका आरोप है कि मुख्य आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और जानबूझकर जांच को गलत दिशा में ले जाना चाहता है।
परिजनों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष व ईमानदार जांच की जाए तो जल्द ही वास्तविक दोषी पुलिस की गिरफ्त में होंगे और मृतक को न्याय मिल सकेगा ।


