बिजनौर
जोरदार बारिश से सड़कें सड़कें हुईं जलमग्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। नगर में हुई जोरदार बारिश के चलते चारों ओर जल भराव हो गया। सड़कों पर हुए जल भराव से जहां आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया, वहीं बारिश ने नगर पालिका द्वारा कराई गई नालों की सफाई की भी पोल खोल दी। शुक्रवार सुबह को मौसम ने अचानक करवट बदली और देखते ही देखते घने काले बादलों के बीच झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। पिछले कई दिनों से बारिश न होने के कारण तेज गर्मी पड़ रही थी। सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद जैसे ही तेज बारिश हुई, तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। बारिश का असर पूरे जिले में दिखा। बिजनौर शहर में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है जिसके कारण कई जगह जलभराव से राहगीरों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। नगर की सड़कों पर कई-कई फिट पानी जमा हो गया। सड़कों पर भरे पानी में जगह-जगह वाहन भी फंसे हुए दिखाई दिए। बारिश से हुआ जल भराव ने बरसात से पूर्व कराई गई नालों की सफाई की भी पोल खोल दी।



