कैशबैक के नाम पर ठगी, करमाटांड़ से 4 साइबर अपराधी धराए
Four cyber criminals arrested in Karmatand for cheating in the name of cashback

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान ग्राम कठबरारी से रंगामटिया जाने वाली कच्ची सड़क के समीप जोरिया के पास स्थित पलाश के पेड़ वाले मैदान से चार साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस छापेमारी का नेतृत्व पु०नि० सह थाना प्रभारी राजेश मंडल के निर्देशन में किया गया, जिसमें पु०नि० नितिश कुमार, पु०अ०नि० हीरालाल महतो समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिराज अंसारी, मो० इजहार अंसारी, चाँद मिर्जा एवं मो० बेलाल अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड और 2 आधार कार्ड बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी Comparify ऐप के माध्यम से फोनपे पर 2,999 रुपये कैशबैक का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 74/25 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का नेटवर्क झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है।


