पाकुड़ सदर के झिकरहटी पूर्वी पंचायत में सेवानिवृत्त शिक्षक का भावभीना सम्मान समारोह
Emotional felicitation ceremony of retired teacher in Jhikrahati East Panchayat of Pakur Sadar

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ सदर प्रखण्ड अन्तर्गत झिकरहटी पूर्वी पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय चण्डीतला में विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद ईस्माइल शेख के सम्मान में एक भावभीना विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रधान शिक्षक शीश मोहम्मद के नेतृत्व में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के दौरान प्रधान शिक्षक सहित विद्यालय के शिक्षकों ने सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद ईस्माइल शेख को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उन्हें उपहार भेंट कर उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपस्थित वक्ताओं ने उनके दीर्घ सेवाकाल के दौरान दिए गए शैक्षणिक योगदान, अनुशासनप्रियता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोहम्मद ईस्माइल शेख का सेवाकाल न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। कार्यक्रम भावनात्मक क्षणों से परिपूर्ण रहा, जहां शिक्षकों और अतिथियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर प्रखंड सह 20 सूत्री अध्यक्ष मानसारुल हक, जिला चेयरमैन सोशल मीडिया पियारूल इस्लाम, मोतिउर रहमान, जियाउल शेख, शिक्षक अब्दुल रऊफ, फेकारूल शेख सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



