पाकुड़

हेमन्त सोरेन ने नन्ही आलिन को दी श्रद्धांजलि, कहा अंगदान मानवता की अमिट मिसाल

Hemant Soren paid tribute to little Aalin, saying organ donation is an indelible example of humanity.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। हेमन्त सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए केरल की नन्ही बिटिया आलिन शेरिन अब्राहम को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आलिन का नाम आज पूरे देश को भावुक कर रहा है। अपनी संतान को खो देना किसी भी माता-पिता के लिए सबसे असहनीय क्षण होता है, लेकिन ऐसे कठिन समय में भी आलिन के माता-पिता — श्रीमती शेरिन एन जॉन और श्री अरुण अब्राहम — ने जो साहस दिखाया, वह अद्वितीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने जिगर के टुकड़े के अंग दान करने का निर्णय साधारण नहीं, बल्कि साहस, त्याग और करुणा का अद्भुत उदाहरण है। यह केवल अंगदान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अटूट आस्था का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आलिन का जीवन भले ही अल्पकालिक रहा हो, पर वह आज कई घरों की उम्मीद बनकर जीवित है और अमर हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत आलिन के माता-पिता का यह कदम पूरी मानवता के लिए एक अमिट मिसाल है — ऐसी मिसाल जो हर सीमा, हर भाषा और हर भेद से ऊपर है। उन्होंने नन्ही आलिन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके माता-पिता के अद्वितीय साहस को नमन किया। उन्होंने पिनारयी विजयन की संवेदनशीलता की भी सराहना की, जिन्होंने आलिन के अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान देकर मानवता के इस संदेश को और ऊंचाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान दूसरों को जीवन देने का महादान है और झारखंड राज्य में भी अंगदान की नीति को और सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button